खुर्जा (बुलंदशहर), 17 जुलाई। कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीद दाताराम की 27वीं शहादत दिवस पर शहीद दाताराम सेवादल, नई दिल्ली द्वारा वीर बलिदान भूमि शहीद दाताराम नगर, धराऊं (खुर्जा) में एक भव्य राष्ट्रीय श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति, साहित्य, समाजसेवा और शहीद सम्मान को समर्पित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए साहित्यकारों, पूर्व सैनिकों, किसान नेताओं, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं मुकेश मासूम फाउंडेशन के चेयरमैन मुकेश कुमार मासूम का आयोजकों द्वारा पारंपरिक पगड़ी, शॉल और पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। उनके स्वागत के दौरान पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान प्रख्यात बॉलीवुड लेखक एवं गीतकार मुकेश कुमार मासूम ने अपना चर्चित भावपूर्ण गीत “मेनू हँसके विदा कर दे” प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और पूरे पंडाल में देर तक तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई देती रही।
अपने संबोधन में मुकेश कुमार मासूम ने कहा कि “शहीदों का सम्मान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय का आजीवन दायित्व है। राष्ट्र की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। नई पीढ़ी को उनके त्याग, साहस और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेकर देश को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए।”
कार्यक्रम के विशेष अतिथि विजय चौधरी ने भी राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा पर अपने विचार रखे। समारोह की अध्यक्षता स्वामी श्री कृष्ण कुमार ने की, जबकि मंच संचालन चंद नादान ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. चंद्रमणि ब्रह्मदत्त एवं कैलाश भागमल गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
150 महिलाओं और समाजसेवियों का सम्मान
समारोह में समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण को समर्पित विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान 150 महिलाओं एवं वरिष्ठ समाजसेवियों को साड़ी, शॉल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल को उपस्थित लोगों ने सेवा और सम्मान की प्रेरणादायी मिसाल बताया।
राष्ट्रीय कवि सम्मेलन ने बांधा समा
कार्यक्रम में आयोजित राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से आए कवियों ने राष्ट्रभक्ति, वीरता और सामाजिक चेतना पर आधारित रचनाओं का पाठ किया।
कवि सम्मेलन में सुनील कुमार हापुरिया, प्रेमचंद, प्रेम शर्मा, गुंजन भाटी, अभिषेक मिश्रा, श्रीराम गौतम और दर्शन गौतम सहित अनेक कवियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वीर सैनिकों को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर सूबेदार स्वरूप सिंह, राजवीर सिंह, जगपाल सिंह, कैप्टन मान सिंह, सूबेदार धर्मवीर सिंह, सूबेदार अमरपाल सिंह, हवलदार विनोद चौहान, सतीश जादौन एवं कैप्टन दिनेश कुमार राघव सहित कई पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में किसान नेता एवं भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी मांगेराम त्यागी, जिला अध्यक्ष ठाकुर शैलेंद्र आर्य सहित विभिन्न सामाजिक, साहित्यिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शहीद दाताराम को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “अमर शहीद दाताराम अमर रहें” के नारों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
पिछले 27 वर्षों से शहीद दाताराम सेवादल के संस्थापक डॉ. चंद्रमणि ब्रह्मदत्त एवं अध्यक्ष कैलाश भागमल गौतम के नेतृत्व में इस श्रद्धांजलि समारोह का निरंतर आयोजन किया जा रहा है, जो शहीदों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।
GB NEWS INDIA | Category: Breaking News

