खुर्जा (बुलंदशहर)। नगर पालिका परिषद, खुर्जा की वर्ष 2026-27 की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक का आयोजन गुरुवार को पुरानी तहसील रोड स्थित जलकल कंपाउंड सभागार में संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती अंजना सिंघल ने की। बैठक में अधिशासी अधिकारी अनवर हुसैन, सभी सम्मानित सभासद एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में नगरहित एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा जनसुविधाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए अनेक प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बोर्ड बैठक में वर्ष 2026-27 के बजट से जुड़े कुल 87 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन प्रस्तावों में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना, सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, नागरिक सुविधाओं का विस्तार, पथ-प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) व्यवस्था में सुधार तथा अन्य विकास एवं जनहितकारी कार्य शामिल हैं।
नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि स्वीकृत प्रस्तावों के क्रियान्वयन से शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी और खुर्जा के समग्र एवं संतुलित विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही नगर की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
बैठक के अंत में नगर पालिका परिषद, खुर्जा ने नगरहित एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि स्वीकृत सभी विकास कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
GB NEWS INDIA | Category: Breaking News

