बुलंदशहर। श्रावण मास में आयोजित कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (एसपी ग्रामीण) अंतरिक्ष जैन ने थाना जहांगीराबाद एवं अनूपशहर क्षेत्र के गंगा घाटों, कांवड़ मार्गों और प्रमुख धार्मिक स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने घाटों पर तैनात पुलिस बल, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था, यातायात संचालन तथा विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
कांवड़ियों से किया संवाद, व्यवस्थाओं की ली जानकारी
एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने गंगा घाटों पर पहुंचे कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने यात्रा के दौरान उपलब्ध कराई जा रही सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
अनूपशहर गंगा घाट पर गंगा आरती में हुए शामिल
निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने अनूपशहर गंगा घाट पर आयोजित भव्य गंगा आरती में भी सहभागिता की और मां गंगा की आराधना की। इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
पुलिस कर्मियों को दिए विशेष निर्देश
निरीक्षण के उपरांत एसपी ग्रामीण ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पूर्ण सतर्कता, संवेदनशीलता और विनम्र व्यवहार के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने महिला सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन सहायता, जल पुलिस की सक्रियता और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखे गए हैं, ताकि श्रावण कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
GB NEWS INDIA | Category: Breaking News

