खुर्जा (बुलंदशहर)। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुलंदशहर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी सतेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी खुर्जा शोभित कुमार एवं प्रभारी निरीक्षक खुर्जा नगर रामफल सिंह ने डाक कांवड़ लेने जा रहे दोपहिया वाहन सवार कांवड़ियों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक किया।

यह भी पढ़ें:

अधिकारियों ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन से यात्रा कर रहे कांवड़ियों को रोककर उन्हें हेलमेट प्रदान किए और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। इस दौरान कांवड़ियों को यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

हेलमेट पहनकर ही करें दोपहिया वाहन से यात्रा

क्षेत्राधिकारी खुर्जा शोभित कुमार ने कांवड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का पवित्र पर्व है। इस दौरान प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने दोपहिया वाहन से यात्रा करने वाले कांवड़ियों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पूरी तरह अनुपालन करने की अपील की।

अधिकारियों ने कांवड़ियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी से बचें और वाहन पर निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं। साथ ही रात के समय वाहन चलाते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।

पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की दी जानकारी

इस दौरान कांवड़ियों को कांवड़ मार्ग पर पुलिस द्वारा किए गए यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस सहायता के संबंध में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस की सहायता ली जाए।

कांवड़ियों ने की पुलिस की पहल की सराहना

हेलमेट प्राप्त करने वाले कांवड़ियों ने बुलंदशहर पुलिस की इस पहल की सराहना की। कांवड़ियों ने कहा कि हेलमेट वितरण अभियान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता को दर्शाता है और इससे अन्य दोपहिया वाहन चालकों को भी यातायात नियमों का पालन करने की प्रेरणा मिलेगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

GB NEWS INDIA | Category: Breaking News

देखें वीडियो

       
Home Latest Contact Video Job