प्रतापगढ़ ।
सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव की करोड़ों की जो संपत्तियां बुधवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने कुर्क किया। उसमें अधिकतर की मालकिन छविनाथ की मां और पत्नी हैं। जमीनों के साथ ही सफारी गाड़ी भी पत्नी के ही नाम है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी कुर्की के आदेश में सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव के पैृतक गांव स्थित जमीन की मालकिन उनकी मां शशिप्रभा है। दहेंगरी जमालपुर गांव स्थित जमीन भी छविनाथ की मां शशि प्रभा के नाम। इसी गांव की भूमि पर निर्मित स्व. सुन्दरलाल महाविद्यालय भूतल, प्रथम तल एवं निर्माणाधीन द्वितीय तल के प्रबंधक छविनाथ यादव हैं। प्रयागराज के मेंहदौरी स्थित मकान छविनाथ की पत्नी प्रियंका के नाम है। छविनाथ की दोनों सफारी गाड़ी भी उनकी पत्नी प्रियंका यादव के नाम है। दिलेरगंज स्थित जमीन, खेत बाग छविनाथ उनकी मां शशिप्रभा, पत्नी प्रियंका के नाम है। इस तरह करोड़ों की सम्पत्ति अर्जित करने के बाद भी अधिकतर की मालकिन मां, पत्नी को बनाया खुद नाममात्र के स्वामी बने। कार्रवाई की जद में प्रयागराज के दोनों मकान।
सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई की जद में उनके प्रयागराज के दो मकान भी आ गए हैं। जिला प्रशासन ने छविनाथ की पत्नी प्रियंका के नाम चन्द्रशेखर आजाद नगर योजना मेंहदौरी तथा मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के पास स्थित उनकी मां के नाम मकान भी कार्रवाई की जद में चिह्नित किया गया है। जिसको लेकर तरह तरह की चर्चा है।
भाई लड़ा रघुराज से चुनाव, मां,पत्नी प्रधान, भाभी चेयरमैन। मानिकपुर के मऊदारा गांव निवासी छविनाथ यादव खुद समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हैं। उनकी पत्नी प्रियंका यादव करेंटी गांव की और मां शशिप्रभा यादव मऊदारा गांव की प्रधान हैं जबकि छविनाथ की भाभी सीमा यादव कुंडा नगर पंचायत की चेयरमैन हैं। छविनाथ के भाई गुलशन यादव इसके पहले कुंडा नगर पंचायत के चेयरमैन रह चुके हैं। गुलशन यादव 2022 के विधानसभा चुनाव में कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के खिलाफ चुनाव भी लड़ चुके हैं। प्रशासन ने कार्रवाई में दिखाई जल्दबाजी।
कुंडा नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन और छविनाथ के भाई गुलशन यादव ने बुधवार को जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिप्पणी करते हुए कहा प्रशासन ने जल्दबाजी दिखाई। गुलशन का कहना है कि सारे मामले में उच्च न्यायालय में लंबित हैं, जुलाई महीने में सुनवाई के लिए तारीख भी लगी है। लेकिन जिला प्रशासन उच्च न्यायालय के फैसले का इंतजार किए बगैर जल्दबाजी में कार्रवाई की। जिला प्रशासन को इसका जबाब देना होगा। कुंडा विधायक के इशारे पर कार्रवाई, न्यायालय पर भरोसा।
जिला प्रशासन ने बगैर नोटिस दिए स्थानीय विधायक के इशारे पर इतनी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। महीने भर पहले बेच दी गई संपत्ति को भी कुर्क की जा रही हो जो निंदनीय है। हम और हमारे कार्यकर्ता उत्पीड़न से झुकने वाले नहीं हैं हमें न्यायालय पर भरोसा है। यह बातें सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए कही। छविनाथ यादव का कहना है जिला प्रशासन ने विद्यालय जैसी पवित्र संस्था को सील कर सैकड़ों छात्र-छात्राओं के भविष्य पर से खिलवाड़ किया है।
हमारे संवाददाता रमेश श्रीवास्तव
