बुलंदशहर: शिकारपुर में रोडवेज बस की टक्कर से बुलेट सवार दरोगा राजवीर सिंह की मौत, पुलिस महकमें में शोक की लहर
2 मिनट में पढ़ें

बुलंदशहर: शिकारपुर में रोडवेज बस की टक्कर से बुलेट सवार दरोगा राजवीर सिंह की मौत, 3 दिन पहले ही हुआ था तबादला
बुलंदशहर। जनपद के शिकारपुर क्षेत्र स्थित मेरठ-बदायूं हाईवे पर शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मां भगवती इंटरनेशनल स्कूल के निकट एक तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से बुलेट मोटरसाइकिल सवार एक दरोगा की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
ड्यूटी खत्म कर बच्चों के पास जा रहे थे डिबाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले दरोगा की पहचान राजवीर सिंह (उम्र करीब 57 वर्ष) पुत्र जगत सिंह के रूप में हुई है। दरोगा राजवीर सिंह वर्तमान में बुलंदशहर कोतवाली नगर में तैनात थे। शुक्रवार को अपनी ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से डिबाई स्थित अपने बच्चों के पास लौट रहे थे। इसी दौरान शिकारपुर क्षेत्र में मेरठ-बदायूं हाईवे पर मां भगवती इंटरनेशनल स्कूल के पास उनकी बाइक एक रोडवेज बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दरोगा राजवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
आपके लिए संबंधित खबरें
तीन दिन पूर्व ही हुआ था स्थानांतरण
बताया जा रहा है कि दरोगा राजवीर सिंह का महज तीन दिन पहले ही डिबाई कोतवाली से बुलंदशहर कोतवाली नगर में स्थानांतरण हुआ था। स्थानांतरण के बाद से वह बुलंदशहर में ड्यूटी कर रहे थे और शुक्रवार शाम अपने परिवार से मिलने डिबाई जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दुर्घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार, एसएसआई और कस्बा इंचार्ज अमित कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही दुर्घटना को अंजाम देने वाली रोडवेज बस की पहचान करने का प्रयास भी किया जा रहा है।




टिप्पणियाँ
0