रोडवेज कर्मचारियों का खुर्जा बस स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन, 16 दिसंबर को बड़े आंदोलन की चेतावनी
2 मिनट में पढ़ें

रोडवेज कर्मचारियों का खुर्जा बस स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन, 16 दिसंबर को बड़े आंदोलन की चेतावनी
खुर्जा। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद (शाखा खुर्जा) की ओर से स्थानीय बस स्टेशन परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह और संचालन शाखा मंत्री सुनील कुमार ने किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के निस्तारण को लेकर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) खुर्जा डिपो के माध्यम से निगम प्रबंधन को एक ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि 30 अक्टूबर को दिए गए आंदोलन के नोटिस के बावजूद प्रबंधन ने कर्मचारियों की समस्याओं पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। प्रमुख मांगों में संविदा चालक व परिचालकों का शोषण बंद करने, असमान व अपर्याप्त पारिश्रमिक को सुधारने, सेवा की अनिश्चितता व सामाजिक सुरक्षा के अभाव को खत्म कर न्यायोचित सेवा व्यवस्था लागू करने की बात उठाई गई। इसके अलावा 50 प्रतिशत से कम लोड फैक्टर पर संविदा कर्मियों के वेतन में की जाने वाली कटौती पर रोक लगाने और राष्ट्रीयकृत मार्गों पर अवैध रूप से चल रहे डग्गामार वाहनों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शासन और निगम प्रबंधन ने समयबद्ध तरीके से उनकी सामूहिक मांगों का निस्तारण नहीं किया, तो 16 दिसंबर को परिवहन निगम के प्रत्येक क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें सभी वर्ग के कर्मचारी भारी संख्या में शामिल होंगे।
आपके लिए संबंधित खबरें
इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष अतुल राघव, क्षेत्रीय प्रतिनिधि रामेंद्र कुमार शर्मा, कृपाल सिंह, सौरभ सिंह, करनपाल सिंह, अजय शर्मा, प्रमोद कुमार, मनोज चौहान, दिनेश शर्मा, योगेश कुमार, अमित कुमार, हरेंद्र सिंह, निर्दोष, हिमानी, सुनीता, संध्या देवी, आरती, कृष्णकुमार चतुर्वेदी समेत बड़ी संख्या में रोडवेज कर्मचारी मौजूद रहे।




टिप्पणियाँ
0