अखिलेश यादव ने बुलंदशहर में सपा नेता हेमंत राघव के परिवार पर हमले का लिया संज्ञान, एसपी से की बात और निष्पक्ष जांच की मांग
2 मिनट में पढ़ें

अखिलेश यादव ने बुलंदशहर में सपा नेता हेमंत राघव के परिवार पर हमले का लिया संज्ञान, एसपी से की बात और निष्पक्ष जांच की मांग
बुलंदशहर:
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुलंदशहर जनपद के खुर्जा में सपा नेता एवं अधिवक्ता हेमंत राघव के परिवार पर हुए हमले के मामले में कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने मामले का गंभीर संज्ञान लेते हुए बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक से फोन पर सीधी बातचीत की और पूरे प्रकरण की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने एक पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने का आग्रह किया है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 15 जुलाई की है, जब खुर्जा के शिल्पा गार्डन के पास दबंगों ने समाजवादी पार्टी के जिला सचिव एवं अधिवक्ता हेमंत राघव के पिता और भाइयों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस संबंध में हेमंत राघव ने खुर्जा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट होने के कारण पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाई।
आपके लिए संबंधित खबरें
राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुँचा मामला
संतोषजनक कार्रवाई न मिलने पर अधिवक्ता हेमंत राघव, सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष हाजी यासीन कुरैशी, आसिफ जमाली और पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी सोनू गौतम के साथ लखनऊ पहुंचे और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। उन्होंने श्री यादव को पूरी घटना से अवगत कराया।
न्याय की जगी उम्मीद
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा मामले में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए पुलिस अधीक्षक से बात करने और उच्चस्तरीय जांच की मांग पत्र भेजने से पीड़ित परिवार में न्याय की आस बंध गई है।
अधिवक्ता हेमंत राघव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, हाजी यासीन कुरैशी और आसिफ जमाली का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि इस संकट की घड़ी में सपा नेतृत्व द्वारा परिवार को न्याय दिलाने के लिए उठाया गया कदम सराहनीय है और इसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे।




टिप्पणियाँ
0