बुलंदशहर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने कोतवाली खुर्जा नगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, बंदीगृह, अभिलेख, सीसीटीएनएस, शस्त्रागार, मालखाना, मैस, थाना परिसर तथा साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी देहात ने थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों को अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों की लगातार निगरानी तथा नियमित गश्त के माध्यम से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला संबंधी अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
आगामी कांवड़ यात्रा 2026 को देखते हुए एसपी देहात ने कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन एवं पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।
एसपी देहात ने स्पष्ट किया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
GB NEWS INDIA | Category: Breaking News

