महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल के प्रथम परिसर में धूमधाम से संपन्न हुई वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता
3 मिनट में पढ़ें

कलाम हाउस ने मारी बाजी, न्यूटन हाउस रहा द्वितीय स्थान पर
खुर्जा:
महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल के प्रथम परिसर में वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। इस भव्य आयोजन का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध समिति के कर-कमलों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण कर किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र कुमार बंसल (एड.), उपाध्यक्ष श्री अंकुर अग्रवाल, प्रबन्धक श्री कपिल कुमार अग्रवाल, उपसचिव श्री सचिन बंसल, कोषाध्यक्ष श्री वकुल तायल, पूर्व प्रबन्धक श्री चन्द्र प्रकाश तायल, पूर्व प्रबन्धक श्री अजय गर्ग, अग्रवाल समाज समिति (खुर्जा) के कोषाध्यक्ष श्री दीपक गर्ग, प्रधानाचार्य श्री नरेन्द्र मित्तल समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
आपके लिए संबंधित खबरें
मुख्य अतिथि का संदेश
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे खुर्जा की ब्लॉक प्रमुख श्रीमती मोनिका सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हमारे जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद का होना भी बेहद आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ शरीर से ही सुदृढ़ बौद्धिक विकास संभव है।
लगभग 700 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में कक्षा प्रैप से लेकर आठवीं तक के लगभग 700 छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान लगभग 30 विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें:
- सामान्य दौड़, घेरा नृत्य, कॉन संतुलन दौड़, गेंद उठाओ
- रिले दौड़, तीन पैर दौड़, खो-खो, कबड्डी
- बाधा दौड़, बैडमिंटन, धीमी साइकिल दौड़, बोरी दौड़
- कैरम, शतरंज और रस्साकसी जैसे प्रमुख खेल शामिल रहे।
प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों— आर्यभट्ट हाउस, न्यूटन हाउस, कलाम हाउस, एवं कल्पना हाउस के बालक-बालिकाओं ने पूरी ऊर्जा के साथ प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मशाल मार्च
खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘सरस्वती वंदना’ और ‘ट्रिव्यूट टू स्पोर्ट्स’ ने उपस्थित सभी अतिथियों का मन मोह लिया। इसके साथ ही, खेल भावना के प्रतीक रूप में भव्य मशाल मार्च का आयोजन किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक श्री कपिल कुमार अग्रवाल ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षा और खेल को सर्वांगीण विकास का मुख्य माध्यम बताया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनुशासन का मार्ग प्रशस्त करते हुए खेल, संगीत और गुरुओं की आज्ञा का पालन करने का संदेश दिया।
कलाम हाउस बना विजेता
कड़े मुकाबले के बाद कलाम हाउस ने प्रथम स्थान तथा न्यूटन हाउस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी विजयी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र और मेडल भेंट कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नरेन्द्र मित्तल ने सभी खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की तथा कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




टिप्पणियाँ
0