खुर्जा में जाटव विकास मंच ने हर्षोल्लास से मनाया 70वां धम्म चक्र प्रवर्तन दिवस
2 मिनट में पढ़ें

खुर्जा (बुलंदशहर)। सिटी स्टेशन स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में जाटव विकास मंच के तत्वावधान में 70वें धम्म चक्र प्रवर्तन दिवस महोत्सव का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें समाज के उत्थान और बाबा साहब के विचारों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जाटव विकास मंच के अध्यक्ष कैलाश भागमल प्रधान ने की। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं उपस्थित लोगों द्वारा तथागत गौतम बुद्ध और संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए अध्यक्ष कैलाश भागमल प्रधान ने कहा कि धम्म चक्र प्रवर्तन दिवस हमें बाबा साहब के दिए गए मूल मंत्रों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा, “70 साल बीत जाने के बाद भी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए मार्ग—’शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो’ पर चलकर ही हम अपने समाज को जागरूक और सशक्त बना सकते हैं।”
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्य रूप से डॉ. अशोक, मोहित, सुरेश चंद, प्रेमपाल, चंद्रभान, कालू, बंटी, टिंकू, योगेश प्रधान, आदित्य गौतम, भगवान दास, कांति और विजय सिंह सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने समाज में शिक्षा के प्रसार और एकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।




टिप्पणियाँ
0