खुर्जा (बुलंदशहर)। शिक्षक दिवस के अवसर पर निकट नई तहसील स्थित जै़निथ पब्लिक स्कूल, खुर्जा में भारत विकास परिषद की ओर से शिक्षक वंदन-छात्र अभिनंदन समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद की अध्यक्ष श्रीमती अलका गर्ग, श्रीमती नीलम रुहेला, कार्यक्रम प्रायोजक श्रीमती पूजा तायल, श्री चंद्र प्रकाश तायल, श्रीमती स्वाति वार्ष्णेय, श्री अजय गर्ग एडवोकेट, श्री मुकेश रोहेला, श्री प्रेम प्रकाश अरोड़ा, श्री कुशाग्र अग्रवाल, श्री राजीव तायल, श्री सुनील गुप्ता आदर्श, श्री राजीव वर्मा, श्री राजेंद्र अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम विद्यालय के निदेशक श्री राहुल राठी एवं मैनेजर श्रीमती नीलम राठी के मार्गदर्शन तथा प्रधानाचार्या श्रीमती गीता डैंग और उप-प्रधानाचार्या श्रीमती बबीता शर्मा की देखरेख में संपन्न हुआ।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक श्री राहुल राठी, मैनेजर श्रीमती नीलम राठी एवं उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कक्षा प्रथम से दशम तक के तीनों सेक्शनों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के हेड बॉय, हेड गर्ल, डिप्टी हेड बॉय और डिप्टी हेड गर्ल को भी पुरस्कार प्रदान कर उनकी उपलब्धियों का उत्साहवर्धन किया गया।
शिक्षकों को स्मृति चिन्ह देकर किया अभिनंदन
समारोह में इसके बाद शिक्षक सम्मान का क्रम शुरू हुआ। सर्वप्रथम प्रधानाचार्या श्रीमती गीता डैंग और उप-प्रधानाचार्या श्रीमती बबीता शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद प्रधानाध्यापक, एकेडमिक हेड एवं डिप्टी प्रधानाध्यापक को भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय में करीब 14 से 15 वर्षों से सेवाएं दे रहे वरिष्ठ शिक्षक-शिक्षिकाओं को विशेष रूप से स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके लंबे योगदान और समर्पण का सम्मान किया गया। अंत में विद्यालय के अन्य सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी सम्मानित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके परिश्रम और योगदान की सराहना की गई।
‘शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य का निर्माण करते हैं’
विद्यालय के निदेशक श्री राहुल राठी, जो भारत विकास परिषद के सदस्य भी हैं, ने परिषद की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य का निर्माण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने सम्मानित शिक्षकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
1990 से आयोजित हो रहा शिक्षक वंदन-छात्र अभिनंदन
भारत विकास परिषद द्वारा वर्ष 1990 से शिक्षक वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। परिषद की करीब 1500 से अधिक शाखाओं के माध्यम से प्रतिवर्ष शिक्षकों एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया जाता है।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में सम्मान, उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम ने जहां शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को मजबूत किया, वहीं विद्यार्थियों को भी निरंतर मेहनत कर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से भारत विकास परिषद के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
GB NEWS INDIA | Category: Breaking News

